गीदम| प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी के दंतेवाड़ा जिले के गीदम प्रवास के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष रजनीश सुराना ने उनसे सौजन्य भेंट की और सी मार्ट में व्यापारियों के लंबित भुगतान के संबंध में चर्चा की। नगर पंचायत अध्यक्ष ने वित्त मंत्री को अवगत कराया कि व्यापारियों की लगातार शिकायतें मिली हैं कि उनका विगत एक-दो वर्षों से सी मार्ट में भुगतान लंबित है और कई प्रयासों के बाद भी आज तक उन्हें भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है। गौरतलब हैं कि रजनीश सुराना नगर पंचायत अध्यक्ष से पहले व्यापारी संघ अध्यक्ष भी रह चुके हैं इसलिए वह व्यापारियों की समस्याओं को भलीभांति समझते हैं और लगातार व्यापारियों की मांगों के लिए और प्रयास करते रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने वित्त मंत्री से आग्रह किया कि सी मार्ट में फंसे हुए व्यापारियों के भुगतान को शासन द्वारा शीघ्र ही करवाया जाए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को अपने भुगतान के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वित्त मंत्री ने नगर पंचायत अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि वह इस बात को आगे रखेंगे और कोशिश करेंगे कि व्यापारियों का भुगतान शीघ्र हो सके। नगर पंचायत अध्यक्ष और वित्त मंत्री के बीच हुई सौजन्य भेंट से सी मार्ट में व्यापारियों के फंसे हुए भुगतान के संबंध में एक सकारात्मक परिणाम निकलने की उम्मीद है। वित्त मंत्री के आश्वासन से व्यापारियों को जल्द ही अपने भुगतान मिलने की उम्मीद है।


