राउरकेला/सुंदरगढ़| जिले के हेमगिर और कोइडा तहसील क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध खनन और तस्करी की जांच अब विजिलेंस की टीम करेगी। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के निर्देश के बाद विजिलेंस द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया है। जिले के हेमगिर तहसील में 22 खदानों से 10 हजार टन कोयला अवैध रूप से निकाला गया है, इसी तरह कोइडा तहसील में 50 खदानों से करोड़ों रुपये का मैगनीज और लौह अयस्क अवैध रूप से निकाला गया है। इस चोरी की खबर मीडिया में आने के बाद डिप्टी स्पीकर भवानी शंकर भोई ने मुख्यमंत्री को इसकी जानकारी दी। इसके बाद खान मंत्री विभूति भूषण जेना ने विभागीय अधिकारियों के साथ अवैध खनन स्थल का दौरा किया। खान मंत्री ने कहा कि इस खनिज चोरी की घटना में शामिल सभी लोगों का पता लगाया जाएगा।


