सुकमा प्रीमियर लीग: ट्राइबल योद्धा चैंपियन बना, गोल्डन वॉली टीम को 7 रनों से हराया

भास्कर न्यूज | सुकमा सुकमा प्रीमियर लीग सीजन 5 का फाइनल मैच में ट्राइबल योद्धा ने रोमांचक जीत दर्ज की। खिताबी मुकाबले में अब्दुल अनस खान के शानदार 54 रनों की बदौलत गोल्डन वॉली को 7 रन से हराया। अनस प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 2.22 लाख नगद और उपविजेता टीम को 1.11 लाख नगद राशि बतौर पुरस्कार दी गई। नगर के मिनी स्टेडियम में बुधवार को एसपीएल 5 का फाइनल मैच ट्राइबल योद्धा और गोल्डन वॉली के बीच खेला गया। गोल्डन वॉली ने टॉस जीतकर ट्राइबल योद्धा को बैटिंग के लिए आमंत्रित किया। सलामी बल्लेबाज रविंद्र और समित ठाकुर ने टीम को खराब शुरुआत दी। पहला विकेट ट्राइबल योद्धा के कप्तान समित ठाकुर के रूप में 11 रन पर गिरा। इसके बाद रविंद्र और सुकेश ने 31 रनों की साझेदारी दी। ट्राइबल योद्धा के अनस ने अर्धशतकीय पारी खेलते हुए टीम को 156 रनों के स्कोर तक पहुंचाया। गोल्डन वॉली के शाश्वत यादव ने 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोल्डन वॉली की टीम 19.3 ओवर में 149 रनों पर ऑलआउट हो गई। गोल्डन वॉली के बल्लेबाज शशांक नेताम ने 31 गेंदों में 34 और आदित्य कोर्राम ने 28 गेंदों में 32 रनों का स्कोर खड़ा किया। प्लेयर ऑफ दि टूर्नामेंट व बेस्ट बैट्समैन का खिताब दीप सग्गू, बेस्ट विकेट कीपर लक्ष्मीकांत और बेस्ट बॉलर अनस रहे। सुकमा। विजेता रही ट्राइबल योद्धा की टीम को पुरस्कृत करते अतिथि।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *