सुनाम में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में पर्स चोरी:शहीद उधम सिंह शहीदी दिवस पर आयोजित समारोह में वारदात, पकड़ा गया आरोपी

संगरूर में सुनाम की अनाज मंडी में आयोजित अमर शहीद उधम सिंह के 87वें राज्य स्तरीय शहीदी दिवस समारोह के दौरान चोरों द्वारा जेब तराशी और चोरी का मामला सामने आया है। कार्यक्रम की भीड़ का फायदा उठाकर कई लोगों के पर्स पार कर दिए गए। हालांकि, सतर्क लोगों ने एक संदिग्ध चोर को रंगे हाथों दबोच लिया और धुनाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पटियाला जिले के गांव नेनकलां से समारोह में शामिल होने आए पीड़ित हरबंस सिंह ने बताया कि जब वे और अन्य लोग खाना खा रहे थे, तभी मौका पाकर चोरों ने कई लोगों की जेबों से पर्स गायब कर दिए। हलचल होने पर वहां मौजूद भीड़ ने एक चोर को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस टीम को सौंप दिया। ‘गिरोह का हो पर्दाफाश, वापस दिलाए जाएं जरूरी दस्तावेज’ पीड़ित हरबंस सिंह ने आशंका जताई कि पुलिस अकसर ऐसे मामलों में ढिलाई बरतती है, जिससे जेबकतरों के हौसले बुलंद रहते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पकड़े गए आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जाए ताकि इस पूरे गिरोह का भंडाफोड़ हो सके। उन्होंने बताया कि उनके चोरी हुए पर्स में आधार कार्ड, पैन कार्ड और एटीएम कार्ड जैसे बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज और नकदी मौजूद थी। पीड़ितों ने पुलिस से मांग की है कि उनके कीमती कागजात और सामान बरामद करवाए जाएं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *