रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज से संबद्ध संजय गांधी, गांधी मेमोरियल और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में सफाई व सुरक्षा का पेटी कॉन्ट्रैक्ट संभालने वाली हाइट्स कंपनी की लापरवाही लगातार बढ़ती जा रही है। कंपनी के कर्मचारियों की अनियमितताओं से परेशान अस्पताल प्रबंधन अब इसे नासूर बताते हुए नोटिस जारी करने और जुर्माना लगाने की तैयारी में है। कुछ दिनों पहले गांधी मेमोरियल अस्पताल के लेबर रूम में हाइट्स कंपनी के कर्मचारियों द्वारा प्रसूता के परिजनों से कथित रूप से पैसे वसूलने का मामला सामने आया था। यह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में कंपनी के कर्मचारियों की एक और बड़ी लापरवाही उजागर हो गई। सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के फोर्थ फ्लोर में भर्ती चमेली साकेत की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। इसके बाद परिजन स्ट्रेचर की तलाश में घंटों भटकते रहे। जब स्ट्रेचर मिला तो परिजनों को स्वयं ही शव को उठाकर स्ट्रेचर पर रखना पड़ा और उसे धकेलते हुए ग्राउंड फ्लोर तक ले जाना पड़ा। यह स्थिति अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करती है। हैरानी की बात यह रही कि महिला की मृत्यु के बाद भी न पैरामेडिकल स्टाफ और न ही हाइट्स कंपनी के कर्मचारियों ने मरीज से जुड़े मेडिकल उपकरणों को हटाने की जिम्मेदारी निभाई, जो स्पष्ट रूप से गहरी लापरवाही दर्शाता है। जब इस संबंध में हाइट्स कंपनी के अधिकारी अमृतांश शर्मा से बात की गई तो उन्होंने मामले की जानकारी न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। वहीं अस्पताल अधीक्षक राहुल मिश्रा ने बताया कि लगातार हो रही लापरवाही पर हाइट्स कंपनी को नोटिस जारी कर जुर्माना अधिरोपित करने की कार्रवाई की जा रही है।


