सुपेला संडे मार्केट में चला निगम का बुलडोजर:ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने हटाया अतिक्रमण; रात में फ्लैग मार्च निकालकर दुकानदारों को किया था सचेत

दुर्ग शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए भिलाई नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने रविवार सुबह सुपेला संडे मार्केट में बेजा कब्जा हटाने की बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई सुबह करीब 6 बजे शुरू की गई, जिसमें निगम का पूरा अमला और भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। विरोध की आशंका को देखते हुए सुपेला, छावनी, खुर्सीपार, सेक्टर-6 कोतवाली और जामुल थाने की पुलिस टीमों को तैनात किया गया है। महिला पुलिस बल भी कार्रवाई में शामिल रहा। कार्रवाई से पहले ही शनिवार देर रात सभी दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की सूचना दे दी गई थी। एक दिन पहले ही दुकानदारों को कार्रवाई के बारे में बताया निगम प्रशासन ने इस कार्रवाई को पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दिया। रात के समय पुलिस फोर्स ने पूरे इलाके में गश्त कर दुकानदारों को कार्रवाई के बारे में अवगत कराया। इसके बावजूद सुबह दुकानदारों को इसकी पूरी भनक नहीं लग सकी और निगम की टीम ने तय समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। सुबह 6 बजे से जारी है कार्रवाई नगर निगम की टीम सुबह 6 बजे जैसे ही निगम की टीम मौके पर पहुंची, अवैध रूप से लगाए गए ठेले, दुकानें और अस्थायी निर्माण हटाने का काम शुरू कर दिया गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते किसी भी दुकानदार ने विरोध करने की हिम्मत नहीं की। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। रात में पुलिस का फ्लैग मार्च शनिवार की देर रात भिलाई नगर के सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र में गश्त की थी। इस दौरान आसपास के सभी थानों के टीआई भी मौजूद रहे। निगम प्रशासन ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस बल की मांग की गई है। लगातार आ रही थी शिकायतें बता दें कि सुपेला संडे मार्केट में बेतरतीब ढंग से दुकानें लगने के कारण हर रविवार को ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो जाती थी। सड़क पर अतिक्रमण की वजह से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। लोगों की लगातार शिकायतों के बाद नगर निगम प्रशासन ने यह कदम उठाया। कुछ दिन पहले ही इस संबंध में कलेक्टर से भी शिकायत की गई थी, जिसके बाद निगम ने अतिक्रमण हटाने की तैयारी शुरू की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *