भास्कर न्यूज | जशपुरनगर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा 1 जनवरी से 31 जनवरी तक आयोजित 36वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुक्रवार को एसडीओपी जशपुर कार्यालय परिसर में समापन किया गया। समापन कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों एवं छात्राओं को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन चालन एवं सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, डीएफओ शशि कुमार, जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज, एडिशनल एसपी राकेश कुमार पटनवार, एसडीओपी चंद्रशेखर परमा, डीएसपी भावेश समरथ, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खुंटे, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, थाना प्रभारी जशपुर निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जशपुर पुलिस द्वारा “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” थीम पर निबंध, चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया । इस अवसर पर डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने सड़क सुरक्षा नियमों पर प्रकाश डालते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यातायात से ही जीवन की सुरक्षा संभव है। वहीं जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार एवं डीएफओ शशि कुमार ने भी आमजन से जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। समापन अवसर पर सभी अधिकारियों ने सामूहिक रूप से सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाने का संकल्प लिया। उल्लेखनीय है कि एक माह तक चले सड़क सुरक्षा माह के दौरान जशपुर पुलिस द्वारा हाट-बाजारों, स्कूलों एवं कॉलेजों में वीडियो, फोटो, नुक्कड़ नाटक, हेलमेट बाइक रैली एवं ऑटो रैली के माध्यम से आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस अभियान में एनसीसी कैडेट, स्काउट गाइड एवं नेहरू युवा केंद्र के युवाओं ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान हाईवे पर अपराधों की रोकथाम व सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हाईवे पेट्रोलिंग वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह पेट्रोलिंग टीम लोरो घाट से कुनकुरी तक 24 घंटे नियमित गश्त करेगी। जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर किसी भी दुर्घटना की स्थिति में मोबाइल नंबर 9479193699 पर तत्काल सूचना दें। हाईवे पेट्रोलिंग टीम 24 घंटे सहायता के लिए तत्पर रहेगी।


