लुधियाना| वीनस लेडीज क्लब की ओर से गुरु जी का भव्य आध्यात्मिक सत्संग आयोजित हुआ। इसमें शबद, भजन और सामूहिक कीर्तन ने पूरे वातावरण को भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। मधुर सुरों और स्वर लहरियों ने ऐसा पावन माहौल बनाया कि हर व्यक्ति प्रभु भक्ति में लीन हो गया। क्लब की सदस्याओं और श्रद्धालुओं ने मिलकर सामूहिक भजन-कीर्तन किया, जिससे गहरा आध्यात्मिक जुड़ाव महसूस हुआ और सभी के मन में शांति और सुकून का भाव जागा। इस अवसर पर क्लब की प्रेसिडेंट अनुराधा बंसल और वाइस प्रेसिडेंट रीमा भाटिया ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्लब की एकजुटता और सेवा भाव की सराहना करते हुए उपहार भी भेंट किए। सत्संग का समापन ‘सरबत दा भला’ की अरदास के साथ हुआ, जिसमें मानवता के कल्याण, शांति और समृद्धि की कामना की गई। इसके बाद गुरु जी का शुक्राना अदा किया गया और सभी को पवित्र लंगर प्रसाद विनम्रता व प्रेम के साथ परोसा गया। यह सत्संग सभी के लिए गहरा आध्यात्मिक अनुभव साबित हुआ, जिसने मन और आत्मा को छू लिया।


