रणजीत एवेन्यू मैदान में पंजाब सरकार के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग की ओर से आयोजित 3 दिवसीय ‘रंगला पंजाब उत्सव’ रविवार देर शाम भव्य समापन के साथ संपन्न हो गया। तीनों दिन बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने पंजाब की समृद्ध विरासत, लोक परंपराओं और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। समापन समारोह में पंजाबी गायकों मनमोहन वारिस, जसपिंदर नरूला और बाणी संधू ने प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। देर रात तक दर्शक गीतों पर झूमते रहे। समारोह में पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने कहा कि यह उत्सव पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत का संदेश देने में सफल रहा है। क्राफ्ट बाजार और प्रदर्शनी स्टॉलों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। फूड कोर्ट में 30 से अधिक स्टॉलों पर पारंपरिक पंजाबी व्यंजनों सहित विभिन्न पकवानों का स्वाद लोगों ने लिया। बच्चों के लिए झूले और मनोरंजन गतिविधियां भी आयोजित की गईं। समापन अवसर पर कलाकारों और आयोजन में योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। मनमोहन वारिस जसपिंदर नरूला


