आगर मालवा जिले के सुसनेर की होनहार बेटी स्नेहा मालवीय का चयन केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में हुआ है। उन्होंने कर्मचारी चयन आयोग (SSC GD) की परीक्षा में पूरे देश में 330वीं रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी इस बड़ी सफलता पर रविवार को नगर में उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। सीमित संसाधनों में पाई सफलता परिजनों ने बताया कि स्नेहा ने यह मुकाम बेहद सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच हासिल किया है। स्नेहा ने साबित कर दिया कि यदि मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो सुख-सुविधाओं की कमी सफलता के आड़े नहीं आती। उनकी इस उपलब्धि को नगर के युवाओं और खासकर बालिकाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। साफा बांधकर और मिठाई खिलाकर हुआ स्वागत स्नेहा की कामयाबी की खुशी में रविवार दोपहर डाक बंगला रोड स्थित समाजसेवी विष्णु पाटीदार के निवास पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यहाँ स्नेहा को पारंपरिक साफा पहनाया गया और पुष्पमालाओं से लाद दिया गया। उपस्थित नागरिकों ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस सम्मान समारोह में समाजसेवी विष्णुप्रसाद पाटीदार, पार्षद राकेश कानुडिया, विधायक प्रतिनिधि दीपक राठौर और कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्नेहा ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे सुसनेर क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।


