सुसनेर विधायक ने शाजापुर विधायक को किया फोन:ओलावृष्टि सर्वे न होने पर हजताई नाराजगी, भूख हड़ताल की दी चेतावनी

शाजापुर में ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने के मुद्दे पर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सुसनेर विधायक भेरूसिंह परिहार ने शाजापुर विधायक अरुण भीमावद को फोन कर चेतावनी दी है कि यदि फसलों का सर्वे नहीं हुआ तो वे भूख हड़ताल पर बैठेंगे। इस बातचीत का एक वीडियो भी सामने आया है। सुसनेर विधायक भेरूसिंह परिहार शाजापुर जिले की मोहन बड़ोदिया तहसील के ग्राम मोहना पहुंचे थे। यहां किसानों के खेतों की हालत देखकर वे काफी व्यथित हुए। खेत में खड़े होकर ही उन्होंने शाजापुर विधायक अरुण भीमावद को फोन लगाया। फोन पर विधायक परिहार ने भीमावद से कहा कि ओलावृष्टि से किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं, इसलिए तत्काल सर्वे कराना आवश्यक है। इस पर शाजापुर विधायक अरुण भीमावद ने उन्हें आश्वासन दिया कि वे स्वयं मौके पर आकर निरीक्षण करेंगे और जल्द ही ग्राम मोहना पहुंचेंगे।
दोनों विधायकों के बीच हुई यह बातचीत कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। यह वीडियो बुधवार का बताया जा रहा है, जो गुरुवार को सामने आया। उल्लेखनीय है कि ग्राम मोहना परिसीमन के तहत विधानसभा सुसनेर में आता है, जबकि प्रशासनिक रूप से यह शाजापुर जिले की मोहन बड़ोदिया तहसील का हिस्सा है। इस विशेष स्थिति के कारण, दोनों जनप्रतिनिधियों के बीच यह सुनिश्चित करने के लिए चर्चा हुई कि कोई भी किसान मुआवजे से वंचित न रहे। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक गलियारों में भी हलचल देखी जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *