सोशल मीडिया पर खुद का वीडियो बनाकर वायरल करने के बाद जहर पीने वाले युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान खाजूवाला निवासी 35 वर्षीय मकबूल खान के रूप में हुई है। घटना के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वीडियो में लगाए गंभीर आरोप मकबूल खान ने जहर पीने से पहले एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला था, जो वायरल हो गया। वीडियो में उसने कुछ लोगों पर 10 लाख रुपये की मांग करने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए थे। वीडियो में उसने खुद को मानसिक रूप से परेशान बताया था। हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती वीडियो वायरल होने के बाद मकबूल खान ने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। परिजन और आसपास के लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी रही। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। भाई ने दर्ज कराया मामला मकबूल के भाई सुभान खान ने इस संबंध में पुलिस को दिए परिवाद में आरोप लगाया है कि कानाराम जाट उसके भाई को आत्महत्या के लिए मजबूर कर रहा था। वो दस लाख रुपए की डिमांड कर रहा था। पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने वायरल वीडियो को सबूत के तौर पर सुरक्षित कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपों की सत्यता और घटना के पीछे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।


