सूरजपुर जिले में एक शादी समारोह में चोरी का मामला सामने आया है। शुक्रवार को विश्रामपुर के अग्रसेन भवन में नगदी और गहने की चोरी हुई है। पुलिस ने घटना के 2 दिन बाद आरोपी अभिषेक गुप्ता (19) को गिरफ्तार कर लिया है। विश्रामपुर पुलिस ने मामले की जांच के दौरान तलवापारा निवासी आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सभी गहने और 3,900 रुपए नकद बरामद कर लिए हैं। ये है पूरी घटना जशपुर जिले के ग्राम टांगर निवासी आरती कौशिक अपने परिवार के साथ शुक्रवार को भांजे की शादी में शामिल होने विश्रामपुर आई थीं। अगले दिन जब सभी लोग सो रहे थे, चोर ने कमरे में घुसकर आरती के पर्स से सोने का कान का टॉप्स और 4,000 रुपए नगद चुरा लिए। इतना ही नहीं, दूसरे कमरे में सो रही उनकी पहन के पर्स से एक जोड़ी चांदी की पायल, सोने का मंगलसूत्र और 1,500 रुपए की नकदी भी चोरी कर ली। पीड़ित परिवार ने विश्रामपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। सूरजपुर के डीआईजी और एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी के मामले को सुलझाया। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी अलरिक लकड़ा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक सोहरलाल पावले, आरक्षक योगेश्वर सिंह, शिवकुमार राजवाड़े, आसिफ अख्तर और कुंदन सिंह की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


