सूरजपुर जिले के नयनपुर स्थित मित्तल कोल्ड स्टोरेज में दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, कोल्ड स्टोरेज की दीवार गिरने से कुल चार मजदूर मलबे में दब गए थे। इनमें से दो मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक अन्य मजदूर ने इलाज के दौरान अस्पताल में अपनी जान गंवा दी। हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर एस. जयवर्धन और एस.एस.पी. प्रशांत ठाकुर मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और राहत कार्यों का निर्देश दिया। किसी भी संभावित आंदोलन या विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।


