सूरजपुर में बाघ की मौत मामले में महिला सरंपच गिरफ्तार:नाखून और बाल बरामद; शिकार के बाद दांत-नाखून उखाड़कर ले गए थे आरोपी

सूरजपुर में बाघ की मौत के मामले में पहली गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने भैसामुंडा की सरपंच सिस्का कुजूर (37 साल) को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी सरपंच के पास से दो बाघ के नाखून और बाघ के बाल बरामद किए गए हैं। बाघ की मौत के मामले में उनकी संलिप्तता पाए जाने के बाद उन्हें 15 दिन के न्यायिक रिमांड पर अंबिकापुर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस और वन विभाग की टीमें बाघ की मौत में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही हैं। यह जानकारी सूरजपुर डीएफओ ने दी है। 15 दिसंबर को हुई थी बाघ की मौत दरअसल, सूरजपुर के गुरु घासीदास-तैमोर-पिंगला टाइगर रिजर्व के घुई वन परिक्षेत्र में सोमवार (15 दिसंबर) को एक बाघ मृत हालत में मिला था। अगले दिन वन विभाग की निगरानी में बाघ के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार किया गया। बाघ की मौत करंट लगने से होने की बात सामने आई है। जांच के दौरान यह भी पता चला कि बाघ के नाखून और दांत गायब मिले। बाघ के जबड़े और पीठ में जलने के निशान मिले थे। हाईकोर्ट ने इस मामले में मीडिया रिपोर्ट को जनहित याचिका मानकर सुनवाई शुरू की है। हाईकोर्ट ने PCCF से मांगा जवाब सूरजपुर में बाघ के शिकार को लेकर हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने मंगलवार (16 दिसंबर) को सुनवाई की। इस दौरान राज्य शासन और वन विभाग से पूछा है कि वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर क्या इंतजाम किए गए हैं। आने वाले समय में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए क्या प्लानिंग की गई है। डिवीजन बेंच ने इस संबंध में पीसीसीएफ को व्यक्तिगत शपथपत्र के साथ जवाब देने कहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *