सूरजपुर में युवती की गला रेंतकर हत्या,कल से थी लापता:जंगल किनारे पड़ा मिला शव, पति को छोड़कर दूसरे युवक से की थी लव मैरिज

सूरजपुर जिले के मोरभंज डेम के पास जंगल में एक युवती की गला रेंतकर हत्या कर दी गई। मृतका 29 जनवरी की दोपहर घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। शुक्रवार दोपहर बाद उसका शव जंगल किनारे पड़े होने की सूचना ग्रामीणों को मिली। मृतका ने अपने पहले पति को छोड़कर दूसरे युवक से लव मैरिज की थी। घटना जयनगर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे ग्रामीणों ने मोरभंज डेम के पास जंगल किनारे एक युवती का शव पड़ा देखा और सूचना पुलिस को दी। सूचना पर जयनगर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की शिनाख्त पिंकी सोलंकी (26 वर्ष) पिता परमेश्वर पाटिल, निवासी ग्राम गांधीनगर, अंबिकापुर के रूप में हुई है। पिंकी सोलंकी का गला धारदार हथियार से काटे जाने के निशान मिले हैं। बाजार जाना बताकर निकली, नहीं लौट
मृतिका की छोटी बहन रिंकी पाटिल ने बताया कि पिंकी ने पहले पति को छोड़ दिया था। उसकी करीब 7 साल की बेटी है। उसने पटना पंडोपारा निवासी हेमंत कुमार उर्फ गोलू से प्रेम विवाह किया था। दोनों पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे थे, लेकिन आपसी विवाद और झगड़ों के चलते रिश्तों में कड़वाहट आ गई। आए दिन के विवाद से परेशान होकर पिंकी अपनी बेटी को लेकर अलग किराए के मकान में रहने लगी थी। रिंकी ने बताया कि 29 जनवरी की दोपहर करीब 12.30 बजे पिंकी अपनी बेटी मंजू को उसके पास छोड़कर बाजार जाना बताकर निकली थी। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। 30 जनवरी को दोपहर करीब 3 बजे सूचना मिली कि मोरभंज डेम के पास जंगल में एक युवती का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने शव की पहचान पिंकी सोलंकी के रूप में की। परिजनों का आरोप है कि पति हेमंत उर्फ गोलू के साथ उसका विवाद लगातार बढ़ता जा रहा था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश में उसकी हत्या की गई। घटना की सूचना पर SDOP अभिषेक पैकरा, जयनगर थाना प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुंतल एक्का मौके पर पहुंचकर घटना स्थल पर जांच किया। पुलिस ने शव को पंचनामा पश्चात् पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *