सूरजपुर में 975 बोरी धान जब्त:अवैध भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, तीन प्रतिष्ठानों पर दबिश

सूरजपुर जिले में अवैध धान भंडारण और कोचियों पर नकेल कसने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व विभाग की टीम ने दूरती और खड़गवां कला में दबिश देकर तीन अलग-अलग प्रतिष्ठानों से कुल 975 बोरी (390 क्विंटल) अवैध धान जब्त किया है। इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासनिक टीम ने दूरती और खड़गवां कला में जिन तीन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की, उनमें विकास किराना स्टोर (संचालक: विकास गुप्ता), राहुल किराना स्टोर (संचालक: राजकुमार गुप्त) और भुनेश्वर आटा चक्की (संचालक: भुनेश्वर चक्रधारी) शामिल हैं। प्रशासन ने 975 बोरी (390 क्विंटल) धान जब्त की विकास किराना स्टोर, दूरती से 700 बोरी (280 क्विंटल) धान जब्त किया गया। राहुल किराना स्टोर, दूरती से 110 बोरी (44 क्विंटल) धान और भुनेश्वर आटा चक्की, खड़गवां कला से 165 बोरी (66 क्विंटल) धान जब्त हुआ। कुल मिलाकर 975 बोरी (390 क्विंटल) धान जब्त किया गया है। प्रशासन ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों – विकास गुप्ता, राजकुमार गुप्त और भुनेश्वर चक्रधारी के विरुद्ध नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि सभी के विरुद्ध मंडी अधिनियम के तहत उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यह कार्रवाई प्रशासन की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत वह किसानों के हित और सरकारी खरीद व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने के लिए प्रयासरत है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *