भास्कर संवाददाता| विदिशा मकर संक्रांति के पर्व को लेकर सूर्य मंदिर (बीजा मंडल) में युवाओं द्वारा हेरिटेज वॉक किया । इस अवसर पर युवाओं ने सूर्य देव के पर्व मकर संक्रांति पर विधिवत ध्यान किया और सूर्य मंदिर के गौरवशाली इतिहास को गहराई से समझा। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी, लेखक एवं बीजा मंडल मंदिर पर शोध एवं कार्य कर रहे डॉ शुभम वर्मा एवं उनकी टीम ने युवाओं को मंदिर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और स्थापत्य महत्व से अवगत कराया। हेरिटेज वॉक के माध्यम से युवाओं ने पूरे मंदिर परिसर का भ्रमण किया और इसके शिल्प, संरचना एवं प्राचीन वैभव के बारे में जानकारी प्राप्त की। युवाओं ने मंदिर की ऐतिहासिक धरोहर और अद्भुत शिल्पकला की सराहना की तथा सभी ने यह इच्छा व्यक्त की कि इस प्राचीन सूर्य मंदिर का पुनर्निर्माण उसी स्वरूप में किया जाना चाहिए, जैसा यह प्राचीन काल में रहा होगा। इससे पीढ़ियां भी इस गौरवशाली विरासत से परिचित हो सकें। इस दौरान डॉ शुभम् वर्मा, प्रियंक रघुवंशी, रौनक शर्मा, अरुण शर्मा, मनोज कौशल, सौरभ राजपूत, भूपेंद्र कुशवाहा, अभय, लोकेंद्र सहित अनेक युवा उपस्थित रहे।


