सेंट्रल जेल में देवर से मिलने आई महिला से 20 ग्राम चिट्टा बरामद, एनडीपीएस का पर्चा, अरेस्ट

लुधियाना सेंट्रल जेल में हत्या के मामले में बंद अपने देवर से मुलाकात करने आई एक महिला के कब्जे से चिट्टा (हेरोइन) बरामद होने का मामला सामने आया है। जांच के दौरान महिला द्वारा बेहद शातिर तरीके से नशा छिपाकर लाने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। जांच अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई थाना डिवीजन नंबर सात की पुलिस द्वारा की गई है। सेंट्रल जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट विजय कुमार की शिकायत पर गिल कॉलोनी निवासी मनदीप कौर के खिलाफ केस दर्ज किया गया। आरोपी महिला अपने देवर मनजीत सिंह से मिलने जेल पहुंची थी, जो एक हत्या के मामले में न्यायिक हिरासत में बंद है। जेल में प्रवेश से पहले की गई नियमित चेकिंग के दौरान महिला की तलाशी ली गई। इसी दौरान उसके पास से एक काला लिफाफा बरामद हुआ, जिस पर काली टेप लिपटी हुई थी। जब लिफाफे को खोलकर जांच की गई तो उसमें तीन परतें बनी हुई पाई गईं। ऊपर की परत पर काली टेप लगी थी, जबकि नीचे की दो परतों के बीच हेरोइन छिपाकर रखी गई थी। पुलिस के अनुसार जब बरामद नशे को तौला गया तो उसका कुल वजन 20.20 ग्राम पाया गया। इसके बाद तुरंत महिला को हिरासत में लेकर थाना डिवीजन नंबर सात में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है कि नशा कहां से लाया गया था और इसे जेल के अंदर किसे-किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *