सेंट्रल यूनिवर्सिटी में छात्र को मारने चाकू लेकर दौड़ाया रसोइया:कैंटीन में आलू गुंडा नहीं देने पर मचा बवाल, छात्र और रसोइए के बीच हुई मारपीट

बिलासपुर के गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी के ब्वॉयज हॉस्टल में मामूली बात पर छात्र और रसोइए के बीच जमकर मारपीट हो गई। रसोइए ने छात्र को आलूगुंडा देने से मना किया, तब यह विवाद हुआ। उनका विवाद इतना बढ़ गया कि रसोइए ने छात्र को मारने के लिए चाकू लेकर दौड़ा दिया। इस विवाद के बाद आक्रोशित छात्रों ने जमकर हंगामा मचाया। विवाद और हंगामे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना कोनी थाना क्षेत्र की है। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें रसोइया कूदकर छात्र को चाकू लेकर दौड़ाते नजर आ रहा है। दरअसल, यूनिवर्सिटी के तात्या भील हॉस्टल में मेस का संचालन ”सनशाइन” नामक फर्म द्वारा किया जा रहा है। रविवार देर शाम बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र हर्ष अग्रवाल नाश्ते में बना आलूगुंडा लेने किचन में गया था। इसी दौरान रसोइए से उसकी बहस हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों के बीच गाली-गलौज हुई, जिससे आक्रोशित होकर रसोइया प्लेटफॉर्म से कूदकर छात्र की ओर झपटा। गैलरी में दोनों के बीच जमकर हाथापाई हुई। छात्रों ने मचाया हंगामा, मौके पर पहुंची पुलिस
इस विवाद के बाद हॉस्टल के छात्र एकजूट हो गए और हंगामा मचाने लगे। हॉस्टल प्रबंधन ने इस घटना की जानकारी कोनी पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। वहीं, पुलिसकर्मी मेस के दो कर्मचारियों को हिरासत में लेकर गाड़ी में बैठा रही थी, तब कर्मचारियों ने छात्रों को देख लेने की धमकी दी। इससे छात्र भड़क गए और पुलिस की गाड़ी को घेर लिया। छात्रों ने पुरानी घटनाओं का हवाला देते हुए पुलिस के सामने ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। काफी समझाइश के बाद छात्र शांत हुए और उन्हें थाने आकर लिखित शिकायत दर्ज कराने को कहा गया। सीसीटीवी में कैद हुई हाथापाई की घटना
घटना की सूचना मिलते ही टीआई भावेश शेंडे टीम के साथ हॉस्टल पहुंचे। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जिसमें रसोइया और छात्र के बीच बहस होती दिखी। फुटेज में रसोइया प्लेटफॉर्म फांदकर छात्र को दौड़ाते हुए बाहर भागता नजर आया। दूसरे कैमरे में छात्र और रसोइया हाथापाई करते दिखे, जिनके पीछे अन्य छात्रों की भीड़ भी भाग रही थी। रसोइए ने कहा- हाथ में चाकू था, हमला नहीं किया
थाना प्रभारी के मुताबिक छात्रों ने रसोइए पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। वहीं, पूछताछ में रसोइए ने कहा कि वह सब्जी काट रहा था, इसलिए उसके हाथ में चाकू था, उसने हमला नहीं किया। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर जांच कर रही है। इधर, आक्रोशित छात्रों ने मेस कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन की मांग उठाई है। यूनिवर्सिटी की सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
सेंट्रल यूनिवर्सिटी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। हाल ही में यूनिवर्सिटी के छात्र अर्सलान अंसारी की मौत के बाद अब हॉस्टल की इस घटना ने प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है। छात्रों का कहना है कि यूनिवर्सिटी में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। गौरतलब है कि पिछले दिनों छात्र अर्सलान अंसारी की संदिग्ध मौत और पांच विभागों से प्रोजेक्टर चोरी होने जैसे मामलों में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *