सेतरावा में बोलेरो-ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर:8 लोग घायल, भणियाणा देवीकोट हाइवे पर हुआ हादसा; 5 को जोधपुर रेफर किया

सेतरावा क्षेत्र के भणियाणा देवीकोट हाइवे पर कानोड़िया महासिंह गांव के पास रविवार शाम एक सड़क दुर्घटना हो गई। एक बोलेरो गाड़ी पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इस हादसे में 8 लोग घायल हो गए, जिनमें से 5 को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया है। यह दुर्घटना रविवार शाम करीब 7:30 बजे कानोड़िया महासिंह से कलाऊ फांटा के बीच हुई। बोलेरो में सवार सभी लोग कानोड़िया महासिंह गांव के निवासी थे और जैसलमेर जिले के दांतल गांव स्थित दरगाह जा रहे थे। बोलेरो एक खड़ी पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे से टकराई। घायलों को स्थानीय अध्यापक शेराराम विश्नोई, ग्रामीण हनुमानराम विश्नोई और जोगाराम सहित अन्य लोगों की मदद से निजी वाहनों से सेतरावा राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉ. योगेन्द्रसिंह, मेलनर्स भगवानाराम, कांता यादव, तृप्ति, मीनाक्षी और अन्य चिकित्साकर्मियों ने प्राथमिक उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद, 108 एम्बुलेंस की सहायता से 5 गंभीर घायलों को जोधपुर रेफर कर दिया गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर देचू थाना पुलिस के एएसआई धन्नाराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। घायलों में जिया पत्नी गफूर खां, अनवर पुत्र नूरे खान, मदीना पुत्री शेखे खां, सेनू पत्नी नूरेखां, भंवरी पत्नी फिरोज खा, आसान पुत्र इकबाल खां, रईसा नेकू खां और गफूर खां शामिल हैं। घायलों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा, 3-4 अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *