भास्कर न्यूज | कवर्धा ग्राम सेमरहा में 25 लाख रुपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन, सीसी रोड और मुक्तिधाम सह शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने किया। ये कार्य छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण योजना के तहत होंगे। इस मौके पर भावना बोहरा श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुईं। यह कथा बहपानी में हुए सड़क हादसे में दिवंगत ग्रामवासियों की स्मृति में हुई। उन्होंने हादसे में अपने परिजन को खोने वाले 24 बच्चों से मुलाकात की। बच्चों से बातचीत की। पढ़ाई और अन्य विषयों पर संवाद कर उन्हें प्रोत्साहित किया। विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधा और संसाधन तेजी से पहुंच रहे हैं। डबल इंजन सरकार विकास को गांव-गांव तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि पक्की सड़कों का निर्माण हो रहा है। जल जीवन मिशन से शुद्ध पानी मिल रहा है। महतारी वंदन योजना से महिलाएं सशक्त हो रही हैं। दिवंगतों को दी श्रद्धांजलि: विधायक भावना बोहरा ने श्रीमद्भागवत कथा में पूजा-अर्चना कर दिवंगतजनों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल से वह बच्चों के सुख-दुख में सहभागी बनी हैं। उनकी शिक्षा, रोजगार और विवाह की जिम्मेदारी ली है। इसे पूरी तरह निभाने के लिए वह प्रतिबद्ध हैं।


