सेमरी मुहल्ला वार्ड-3 में जलजमाव से सड़क पर आवागमन ठप

भास्कर न्यूज | पाटन पाटन के सेमरी मुहल्ला वार्ड संख्या-3 में सड़क पर भारी जलजमाव के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। स्थिति यह हो गई है कि लोगों के लिए पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। खासकर स्कूली बच्चों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण किसी तरह मेढ़ पर चढ़कर पानी से भरे गढ्ढे को पार कर रहे हैं। लोगों ने बताया कि सड़क किनारे नाली का निर्माण नहीं होने और पानी के निकासी की व्यवस्था न होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। लोगों ने आरोप लगाया कि मुखिया पति शिवशंकर प्रसाद द्वारा बारिश के पानी के बहाव को रोक दिया गया है, जिससे सड़क पर पानी रुक जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, यह जमीन पहले यमुना प्रसाद की थी, जिसे अब मुखिया पति ने खरीद लिया है और पानी के प्रवाह को बाधित कर दिया है। इस संबंध में एक महीने पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं थाना प्रभारी की उपस्थिति में बैठक भी हुई थी, लेकिन समाधान नहीं निकल सका। मुखिया पति शिवशंकर प्रसाद ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पानी के बहाव को रोकने में मेरा कोई हाथ नहीं है। विनोद साव अगर दो-तीन फीट जमीन दे दें तो रास्ता बन सकता है। हमारे जमीन से तो नाली का पानी बह ही रहा है। पंचायत के आवंटन से योजना के तहत जल्द ही पानी निकासी की व्यवस्था की जाएगी, ताकि लोगों को आवागमन में कोई दिक्कत न हो। ग्रामीणों का कहना है कि जलजमाव की समस्या से तंग आकर कई लोगों ने अपना रास्ता बदल लिया है। वहीं, अब ग्रामीण समाधान की मांग को लेकर प्रशासन से ठोस कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *