दतिया जिले के सेवढ़ा के शासकीय गोविंद महाविद्यालय में मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) इकाई ने तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कॉलेज में व्याप्त अव्यवस्थाओं और प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर मनोज व्यास को पदमुक्त करने की मांग को लेकर किया गया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने उच्च शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रोफेसर मनोज व्यास का स्थानांतरण हो चुका है, इसके बावजूद वे कई वर्षों से सेवढ़ा महाविद्यालय में प्रभारी प्राचार्य के पद पर बने हुए हैं। यह स्थिति शासकीय नियमों के विपरीत है। छात्रों ने बताया कि कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, पुस्तकालय की उचित व्यवस्था नहीं है और खेल गतिविधियां भी संचालित नहीं की जा रही हैं। बोले- शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा
छात्रों के अनुसार, इन अव्यवस्थाओं के कारण कॉलेज का संचालन मनमाने ढंग से हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है। विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि कॉलेज में शैक्षणिक वातावरण सुधारने और प्रभारी प्राचार्य को उनके दायित्व से मुक्त करने के लिए जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो एबीवीपी जिला दतिया द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने कहा कि यदि इस आंदोलन के कारण सेवढ़ा विकासखंड में स्थिति बिगड़ती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। प्रदर्शन के बाद, एबीवीपी के जिला संयोजक ध्रुव नीखरा और दतिया नगर सहमंत्री चिराग गुप्ता के नेतृत्व में तहसीलदार राजेंद्र जाटव को एक ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान कॉलेज अध्यक्ष मानवेंद्र यादव, कॉलेज मंत्री रोहित यादव, कॉलेज उपाध्यक्ष अनुराग, पंकज सिंह, कृष्णकांत मिश्रा, पंकज सोनी, कुलदीप यादव, आदित्य मिश्रा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने स्पष्ट किया कि जब तक कॉलेज में व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं होतीं और छात्रों के हित में निर्णय नहीं लिए जाते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।


