भास्कर न्यूज | जांजगीर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह (एबीवीटीपीएस), मड़वा में जनवरी माह में सेवानिवृत्त हुए अनुभाग अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव और फार्मासिस्ट अंबल मसीह को भावपूर्ण विदाई दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अभियंता एच.एन. कोसरिया ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों की दीर्घकालीन, निष्ठावान और समर्पित सेवाओं की सराहना करते हुए पावर कंपनी की ओर से आभार व्यक्त किया। मुख्य अभियंता ने इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृतिचिह्न और सेवा प्रमाण-पत्र प्रदान किए। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त मुख्य अभियंता आलोक लकरा, एस.डी. द्विवेदी, आर.के. साव और एन. लकरा उपस्थित रहे। अनुभाग अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने विद्युत मंडल और पावर कंपनी में कुल 41 वर्ष 1 माह 15 दिन की सेवा दी। उनकी प्रथम नियुक्ति कोरबा पूर्व में कार्यालय सहायक श्रेणी-तीन (प्रशिक्षु) के पद पर हुई थी। वहीं फार्मासिस्ट अंबल मसीह ने 27 वर्ष 28 दिन की सेवा देकर संस्था को महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन विधि अधिकारी रमेश टंडन ने किया, जिन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों का संक्षिप्त जीवन परिचय भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में रामनारायण राठौर का विशेष सहयोग रहा।


