भास्कर न्यूज | कवर्धा मनरेगा, धान खरीदी और कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का गुस्सा मंगलवार को सड़कों पर फूट पड़ा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट घेराव करने निकले। देखते ही देखते हालात तनावपूर्ण हो गए और पशु चिकित्सा कार्यालय के सामने पुलिस व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई। पुलिस द्वारा लगाए गए चार बैरिकेड में से दो बैरिकेड तोड़कर कार्यकर्ता आगे बढ़ गए। कलेक्ट्रेट घेराव को नाकाम करने के लिए पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए थे। अतिरिक्त बल की तैनाती के साथ ही चार स्तर की बैरिकेडिंग की गई थी। लेकिन कार्यकर्ताओं के आगे व्यवस्था बिखरती नजर आई। हालात उस वक्त और बिगड़ गए, जब पशु चिकित्सालय भवन के पास पुलिस ने होर्डिंग बोर्ड के एंगल से रस्सी बांधकर कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की। दबाव बढ़ने पर होर्डिंग बोर्ड उखड़ कर गिर गया। हालांकि इस घटना में किसी को चोंट नहीं आई, लेकिन कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। मनरेगा ठप, गरीबों का हक छीन रहे इससे पहले कांग्रेस भवन में पीसीसी चीफ दीपक बैज ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की 11 हजार से अधिक पंचायतों में मनरेगा पूरी तरह ठप कर दिया गया है। मजदूरों को न काम मिल रहा है और न ही समय पर मजदूरी का भुगतान हो रहा है। बैज ने कहा कि मनरेगा गरीबों का संवैधानिक अधिकार है, जिसे यूपीए सरकार के दौरान डॉ. मनमोहन सिंह ने लागू किया था। लेकिन भाजपा सरकार पंचायत व्यवस्था को पंगु करने पर तुली है। आगे और उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी कलेक्ट्रेट घेराव और धरना प्रदर्शन में थानेश्वर पाटिल, पदम कोठारी, अर्जुन तिवारी, लालजी चंद्रवंशी, सीमा अनंत अगम, रवि चंद्रवंशी, तुकाराम चंद्रवंशी, आनंद सिंह ठाकुर, आकाश केसरवानी, मेहुल सत्यवंशी, मुकुंद माधव कश्यप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस ने साफ चेतावनी दी है कि अगर मनरेगा शुरू नहीं हुई, धान खरीदी और कानून व्यवस्था पर तत्काल सुधार नहीं किया गया, तो यह आंदोलन और उग्र रूप लेगा। वोट काटने की साजिश का आरोप दीपक बैज ने कहा कि एसआईआर के नाम पर एसटी- एससी और कमजोर वर्गों के वोट काटने की साजिश की जा रही है। कवर्धा को प्रदेश के गृह मंत्री का गृह जिला बताते हुए बैज ने कहा कि इसके बावजूद यहां हत्या, लूट, चोरी और अपहरण की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने लोहारीडीह, लालपुर और पुलिस कस्टडी में हुई मौतों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के दबाव में कुछ मामलों में कार्रवाई तो हुई, लेकिन पीड़ित परिवारों को पूरा न्याय नहीं मिला। 400 पंचायतों में लगी जन चौपाल, आंदोलन होगा तेज जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने बताया कि मनरेगा बचाओ महासंग्राम के तहत कबीरधाम जिले की 400 से अधिक पंचायतों में जन चौपाल लगाई जा चुकी है। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव- गांव जाकर भाजपा सरकार की नीतियों की सच्चाई जनता के सामने रख रहे हैं। जिले में अवैध शराब, गांजा और नशे का कारोबार खुलेआम चल रहा है।


