सेहत विभाग का आदेश : पोर्टल पर महिलाओं और बच्चों का डाटा करें अपलोड

भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब के सरकारी अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं का एक कार्ड बनाया जाता है। इस पर महिलाओं के टीकाकरण की जानकारी होती है। इसके अलावा उनकी एक रिप्रोडक्टिव एंड चाइल्ड हेल्थ (आरसीएच) आईडी भी बनती है। इस आईडी को कार्ड पर लिखा जाता है। इस कार्ड में एएनएम के नाम के साथ आशा वर्कर का नाम भी होता है। लेकिन सिविल अस्पताल समेत अन्य सेहत केंद्रों में यह आईडी नहीं बनाई जा रही है। इस आईडी को पोर्टल पर चढ़ाया जाता है। जिसके बाद इस आईडी को डालकर देश के किसी भी कोने में महिला और बच्चे का हेल्थ रिकॉर्ड चेक किया जा सकता है। यदि महिला दूसरी बार गर्भवती होती है तो उसकी नई आईडी न बनाकर पुरानी आईडी पर ही इलाज चलता है। महिला की पिछली डिलीवरी कहां से हुई और कहां इनका टीकाकरण हुआ, इसी आरसीएच आईडी से पता चलता है। लेकिन यहां महिलाओं की यह आईडी जनरेट नहीं की जा रही। महिला के नंबर पर ओटीपी आता है। उसके बाद यह आईडी बनती है। न्यू अमृतसर से आई नीतू ने बताया कि उनका बेबी यहीं पर हुआ था। लेकिन आज तक उन्हें कोई आरसीएच आईडी नहीं मिली। अब वह अपनी बहन को लेकर इधर आई हैं। उन्हें भी आईडी अभी तक नहीं दी गई है। राम बाग से आई भारती ने बताया कि वह दूसरी बार आई हैं लेकिन अभी तक उनके कार्ड पर कोई आरसीएच आईडी नहीं लिखी गई है। छेहरटा से आई कुलविंदर ने बताया िक कोई आईडी नहीं मिली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *