भास्कर न्यूज | शंकरगढ़ वनांचल क्षेत्र शंकरगढ़ के बच्चों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के परिणाम घोषित होते ही स्थानीय लक्ष्य शिक्षण संस्थान में खुशी की लहर दौड़ गई। संस्थान में तैयारी कर रहे 23 बच्चों में से 18 बच्चों ने सफलता प्राप्त की है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शंकरगढ़ विकासखंड शिक्षा अधिकारी मोहम्मद इस्माइल खान उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में संस्थान के संचालक सुदर्शन यादव ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया। बीईओ खान ने सफल छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल पहनाकर सम्मानित किया और लड्डू खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया। उन्होंने कहा कि आप सभी ने देश की इतनी बड़ी परीक्षा में सफल होकर न केवल अपने माता-पिता के सपनों को साकार किया है, बल्कि शंकरगढ़ विकासखंड का नाम भी रोशन किया है। सैनिक स्कूल का अनुशासन और शिक्षा आपके भविष्य को नई दिशा देगी। संचालक सुदर्शन यादव ने बताया कि संस्थान का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है। पिछले वर्ष 15 में से 13 बच्चों का चयन हुआ था, जबकि इस वर्ष 78% की सफलता दर के साथ 18 बच्चों ने बाजी मारी है। सफल छात्र-छात्राओं में मिहिका टोप्पो, अक्ष गुप्ता, आध्या भगत, आरोही बेक, गुंजन पैकरा, नमन यादव, आदित्य यादव, आदित्य नागेश, आयुष सोनी, अंतरा पैकरा, आशीष पैकरा, भूपेंद्र पैकरा, सौम्या भगत, नंदिनी पैकरा, मयंक भगत और हिमांशु यादव ने शामिल है। अभिभावक इंद्रजीत कुमार टोप्पो ने कहा कि पहले इस वनांचल क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर इतनी जागरूकता नहीं थी। सुदर्शन ने शिक्षा, खेल और अग्निवीर सेना भर्ती जैसे क्षेत्रों में बच्चों का भविष्य नि:शुल्क संवारकर शंकरगढ़ को नई दिशा दी है। वहीं, अभिभावक मनोज गुप्ता ने बताया कि उनका बच्चा प्रतिदिन राजपुर से 20 किलोमीटर दूर पढ़ने आता था। उनकी मेहनत का ही परिणाम है कि उनका बड़ा बेटा पहले से सैनिक स्कूल रायपुर में पढ़ रहा है और अब छोटा बेटा अक्ष गुप्ता भी चयनित हो गया है। इस दौरान सरिता यादव, इंद्रजीत कुमार, जयप्रकाश भगत, मनोज बेक, बजरंग राम, किस्मत लाल आदि मौजूद रहे।


