सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी लेकर जेसीए सदस्य पहुंचे गढ़वा, बिरसा मुंडा पार्क में स्वागत

भास्कर न्यूज | गढ़वा झारखंड क्रिकेट टीम की ओर से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतने के बाद इस ऐतिहासिक उपलब्धि को पूरे राज्य में जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ट्रॉफी का राज्यव्यापी भ्रमण कराया जा रहा है। राज्य के बीस जिलों का भ्रमण पूर्ण करने के बाद मंगलवार को ट्रॉफी लेकर झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन (जेसीए) के दो सदस्य गढ़वा पहुंचे। बिरसा मुंडा पार्क और हेलीपेड स्थित नाट्य ऑटोटेरियम मंच पर स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इससे पूर्व गढ़वा जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष राज माहेश्वरम, उपाध्यक्ष आलोक मिश्रा, डॉ. पंकज प्रभात और सचिव राघवेंद्र नारायण सिंह ने ट्रॉफी का स्वागत किया। गाजे-बाजे, आतिशबाजी और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच ट्रॉफी को मंच तक लाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उपायुक्त दिनेश यादव और एएसपी (अभियान) राहुल देव बड़ाईक सहित जिले के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान ट्रॉफी को खिलाड़ियों के बीच प्रदर्शित किया गया। मौके पर उपायुक्त दिनेश यादव ने कहा कि गढ़वा जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और जिला प्रशासन द्वारा खेल आधारभूत संरचना के विकास के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि बहुत जल्द गढ़वा जिले में एक सुदृढ़ क्रिकेट मैदान और आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इस दिशा में प्रशासन द्वारा कार्य प्रारंभ किया जा चुका है। उपायुक्त ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल के साथ-साथ पढ़ाई भी उतनी ही आवश्यक है, इसे कभी भी अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए। गढ़वा जिले में प्रतिभाओं की भरमार होने के बावजूद अब तक समुचित क्रिकेट मैदान और स्टेडियम का अभाव रहा है। जिसे दूर करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल को करियर के रूप में चुनना एक सराहनीय निर्णय है और प्रशासन सदैव खिलाड़ियों के साथ खड़ा रहेगा। कार्यक्रम में जिले के सभी वरीय पदाधिकारी, गढ़वा जिला क्रिकेट संघ के सदस्य, खेल से जुड़े पदाधिकारी, खेलप्रेमी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *