जैसलमेर पुलिस ने ऑपरेशन वेलकम के तहत एक लपके को गिरफ्तार किया है। लपका अब्दुल खान (24) सैलानियों का पीछा कर उनको अपनी होटलों में ले जाने के लिए परेशान कर रहा था।
शहर कोतवाली पुलिस की हेड कॉन्स्टेबल संतोष ने कार्रवाई करते हुए हड्डा गांव के निवासी अब्दुल खान को पकड़ा। शहर कोतवाल सवाई सिंह ने बताया- पर्यटन सीजन के आगाज के साथ ही शहर में सैलानियों कि आना शुरू हो गया है। ऐसे में कमीशन पर अपने होटलों में ले जाने के लिए लपके भी सक्रिय हो गए हैं। जैसलमेर पुलिस इनको लेकर ऑपरेशन वेलकम अभियान चला रही है और लपकों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। कमीशन के लिए करते हैं काम
एसएचओ सवाई सिंह ने बताया कि सूचना पर कोतवाली थाना की हेड कॉन्स्टेबल संतोष ने अब्दुल खान को सैलानियों का पीछा कर उनको विजिटिंग कार्ड दिखाकर अपने होटलों में ले जाने के लिए परेशान करते देखा। पुलिस टीम ने तुरंत ही युवक अब्दुल को पकड़ा। पकड़ने के दौरान जानकारी में आया कि अब्दुल खान निवासी हड्डा गांव, एक लपका है और कमीशन के चक्कर में सैलानियों को होटलों में कमरे आदि दिलाता है। ऐसे में कई बार सैलानियों के साथ ठगी की घटना भी होती है। ऑपरेशन वेलकम जारी
शहर कोतवाल सवाई सिंह ने बताया कि जिले में पर्यटन सीजन के आगाज के साथ ही एसपी जैसलमेर के निर्देशन में जिले में ऑपरेशन वेलकम अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत एसपी सुधीर चौधरी द्वारा थानाधिकारी पुलिस थाना कोतवाली जैसलमेर, सम एवं प्रभारी डीएसटी भीमराव को विशेष दिशा निर्देश दिए जाकर लपकों के खिलाफ ज्यादा से ज्यादा कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।


