उदयपुर के हिरन मगरी थानाक्षेत्र में गुरुवार देर रात बदमाशों ने शहर के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर हमला कर उसे घायल कर दिया। हमलावरों ने तलवार, हॉकी स्टिक, लठ से हमला किया। दरअसल, पीड़ित 28 वर्षीय निखिल मेनारिया बीती रात जिम से वर्कआउट करके नीचे उतरा। तभी उसी के घर के पड़ोस में रहने वाले 8 से 10 युवकों ने अचानक घेर किया। फिर उस पर हमला कर दिया। उसके साथ मारपीट करते हुए घायल अवस्था में छोडकर फरार हो गए।घायल पुणे में निजी कंपनी में जॉब करता है। कुछ दिन पहले ही उदयपुर आया था। राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी, हॉस्पिटल पहुंचाया पीड़ित निखिल की बड़ी बहन पूर्णिमा मेनारिया ने बताया की गुरुवार रात करीब 10 बजे उसके भाई पर उसके पड़ोस में रहने वाले कुछ युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला किया। सड़क से गुजर रहे कुछ लोगों ने निखिल को घायल अवस्था में सड़क किनारे देखा और मम्मी को फोन पर घटना की जानकारी दी। पूर्णिमा ने बताया की जानकारी मिलते ही उसके घर वाले घटना स्थल पर पहुंचे और उसे एमबी गवर्नमेंट हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां इमरजेंसी वार्ड में उसका इलाज जारी है। हाथ-पैर गंभीर चोट लगी है। रैंप को लेकर आपसी रंजिशवश किया हमला: थानाधिकारी
हिरन मगरी थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि पीड़ित ने अपने घर के मैन गेट बाहर तक रैंप बनवाया हुआ है। इसी बात को लेकर इनके पड़ोसी विरोध करते है और इससे पहले इनके बीच मामूली झगड़ा हो चुका है। मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे है।


