सोजत की मेहंदी उत्पादन को लगेंगे पंख,किसानों को मिली सौगात:कृषि विश्वविद्यालय ने ईजाद की हिना हार्वेस्टर मशीन; लागत और क्वालिटी रखेगी मेंटेन

नवाचारों की श्रेणी में उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज करवाते हुए एक बार पुनः कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर ने मारवाड़ के किसानों को बड़ी सौगात दी है। दरअसल लंबे समय से मेहंदी उत्पादक किसानों के लिए मेहंदी कटाई के लिए मौसमी बदलाव, श्रमिकों की उपलब्धता व बढ़ती हुई मजदूरी दर समस्या बनी हुई है। इस के समाधान के लिए कृषि विश्वविद्यालय ने तकनीकी नवाचार करते हुए ‘हिना हार्वेस्टर मशीन’ ईजाद की। इसी कड़ी में मंगलवार को किसानों को बड़ी राहत देते हुए विश्वविद्यालय के किसान कौशल विकास केंद्र व इंडिया एक्सिम बैंक के सहयोग से सोजत, पाली में विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो डॉ वीएस जैतावत ने हिना हार्वेस्टर मशीन को सोजत मेहंदी किसान समिति को हस्तांतरित किया। मेहंदी उत्पादकों की मुख्य समस्या होगी दूर कुल गुरु प्रो जैतावत ने कहा कि मेहंदी हार्वेस्टिंग मशीन बनाना स्वप्न पूरा होने जैसा है। विश्व पटल पर सोजत की मेहंदी मशहूर है, ऐसे में इस क्षेत्र के किसानों की समस्याओं का समाधान करना महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि मौसमी बदलाव के चलते नियत समय में मेहंदी कटाई आवश्यक है लेकिन कुशल श्रमिक मिलना, महंगी लागत और नियत समय में कार्य पूरा न होने से पत्तियां खराबा‌ सोजत के किसानों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही थी, जिसका समाधान कृषि विश्वविद्यालय ने किया है। अत्यधिक खुशी है कि इससे किसानों को बचत के साथ बड़ी राहत मिलेगी। एक दिन में 10 से 12 बीघा की कटिंग किसान कौशल विकास केंद्र के प्रभारी डॉ प्रदीप पगारिया ने बताया कि सोजत 90 से 95% मेहंदी उत्पादन के साथ प्रमुख निर्यात केंद्र है। मौसमी बदलावों के चलते फसल तैयार होने के बाद 10 से 12 दिन में मेहंदी की कटाई करना आवश्यक होता है, और उस वक्त एक दिन की लेबर 1200 से 2500 के बीच आती है, ये किसानो की मुख्य समस्या है। यह हिना हार्वेस्टर 1 दिन में 10 से 12 बीघा की कटिंग कर देती है, और इस से प्रति बीघा खर्च 800 से 1000 रुपए आता है। जबकि श्रमिकों से कटाई में प्रति बीघा खर्च 4000 रुपए पड़ता है। जो किसान को अत्यधिक महंगा पड़ रहा है। इस मशीन से समय की भी अत्यधिक बचत होती है। साथ ही पत्तियों की क्वालिटी भी मेंटेन व एक जैसी रहती है। ये रहे मौजूद समारोह के दौरान शशांक टाक, सचिव , सोजत मेहंदी किसान समिति, सत्यनारायण सांखला, अध्यक्ष, मेहंदी व्यापार संघ, मोहनलाल टाक, अध्यक्ष, मेहंदी दलाल संघ, विकास गहलोत सचिव, महात्मा ज्योतिबा फूले कृषि उपज मंडी, मसिंगा राम, उपखंड अधिकारी, सोजत, भंवर सिंह जैतावत, पूर्व सचिव, कृषि उपज मंडी व श्याम सुंदर टाक, इंडिया एक्सिम बैंक प्रतिनिधि मौजूद रहे। समारोह में धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ महेंद्र सिंह चंदावत ने किया। केकेवी के नोडल अधिकारी, डॉ प्रियंका स्वामी ने समारोह में मंच संचालन किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *