भास्कर न्यूज | उदयपुर उदयपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम खुटिया में आयोजित 16 टीमों के क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में सोनतराई की टीम ने लैंगा को पटखनी देते हुए खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच वंशरूप सिंह कुरूम और विशिष्ट अतिथि परमेश्वर प्रजापति उपस्थित रहे। फाइनल मुकाबला 12-12 ओवरों का निर्धारित किया गया था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सोनतराई की टीम ने निर्धारित ओवरों में शानदार खेल दिखाते हुए 116 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी लैंगा की टीम 10.4 ओवरों में मात्र 96 रनों पर ऑल आउट हो गई। इस तरह सोनतराई ने 20 रनों से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। अतिथियों ने विजेता टीम सोनतराई को 20 हजार रुपये नकद व शील्ड प्रदान की। वहीं, उपविजेता टीम लैंगा को 10 हजार रुपये और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो सोनतराई के काजू सिंह को मैन ऑफ द मैच और लैंगा के नारद सिंह को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। कार्यक्रम में अंपायरों को स्मृति चिन्ह और शैला नर्तकों को भी पुरस्कृत किया गया। सरपंच वंशरूप सिंह कुरूम ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है, जहां सही लक्ष्य और परिश्रम ही जीत दिलाता है। विशिष्ट अतिथि परमेश्वर प्रजापति ने खिलाड़ियों के जज्बे की सराहना की। वहीं मंडल उपाध्यक्ष लक्षण साहू ने कहा कि शासन-प्रशासन खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए हर संभव सहयोग कर रहा है। टूर्नामेंट को सफल बनाने में बलवंत सिंह, भुनेश्वर सिंह, अशोक सिंह, रवि सिंह सहित आयोजक समिति के सदस्यों का योगदान रहा। मैच के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे, जिन्होंने रोमांचक मुकाबले का आनंद लिया।


