सोना लेने भेजा कारीगर ही निकला चोर

लुधियाना| सर्राफा बाजार में काम करने वाले एक कारीगर द्वारा 100 ग्राम से अधिक सोना लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने अमानत में खयानत की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता की पहचान सुभाष बाबर (55) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से महाराष्ट्र के सांगली जिले का रहने वाला है और फिलहाल सर्राफा बाजार स्थित शैपी मार्केट के ऊपर पहली मंजिल पर रहकर सोना-चांदी शुद्ध करने का काम करता है। सुभाष बाबर ने पुलिस को बताया कि उसके पास दो कारीगर काम करते थे, जिनमें से एक अजीत काले था। शिकायत के अनुसार 5 जनवरी 2026 को उसने अजीत काले को ए.पी. ज्वैलर के पास से 100 ग्राम 190 मिलीग्राम सोना लेने के लिए भेजा था। आरोपी कारीगर ने ज्वैलर से तय मात्रा में सोना तो ले लिया, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद वह वापस नहीं लौटा। जब कारोबारी ने अजीत काले के मोबाइल नंबर पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की तो उसका फोन बंद मिला। इसके बाद कारोबारी को शक हुआ कि कारीगर सोना लेकर फरार हो गया है। शिकायतकर्ता ने अपने स्तर पर आरोपी की तलाश भी की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायतकर्ता का बयान दर्ज कर उसकी पुष्टि की। जांच के बाद डिवीजन नंबर-4 थाना पुलिस ने आरोपी अजीत काले पुत्र दादासो काले के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *