सोनिया मान बोलीं— ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ जारी:अमृतसर के राजासांसी से 200 करोड़ से ज्यादा की हेरोइन, 4 ग्रेनेड और हथियार बरामद

अमृतसर के हलका राजासांसी के गांव ओठियां में पुलिस ने नशे और हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल की है। देर रात पुलिस ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए लाई गई 200 करोड़ रुपये से अधिक की हेरोइन के साथ हैंड ग्रेनेड और हथियार बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार, पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए काले पैकेटों में पैक कर करीब 40 किलो से ज्यादा हेरोइन भेजी गई थी। इसके साथ 4 हैंड ग्रेनेड, एक पिस्तौल और कुछ जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। यह खेप गांव ओठियां के पास गिराई गई थी, जिसे देर रात कुछ युवक मोटरसाइकिल पर लेकर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि गांव में रात के समय नई सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान जब वहां मौजूद लोगों और कर्मचारियों ने युवकों को सड़क पर जाने से रोका तो वे डर के माहौल में मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। शक होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मोटरसाइकिल व आसपास के इलाके की तलाशी ली। जांच के दौरान भारी मात्रा में हेरोइन, हैंड ग्रेनेड और हथियार बरामद हुए। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। देर रात ही हलका राजासांसी की इंचार्ज मैडम सोनिया मान भी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सोनिया मान ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे “युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान के तहत कार्रवाई लगातार जारी है और नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस ड्रोन नेटवर्क, तस्करी के पूरे रूट और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। इस बरामदगी को सीमा पार से हो रही नशा और हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *