बूंदी के डाबी क्षेत्र में चर्चित सोनूसिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी अरमान मोहम्मद के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को प्रशासन ने उसके अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया। यह कार्रवाई सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए की गई। कोटा रेंज आईजी के निर्देशों के बाद बुधवार सुबह प्रशासन और पुलिस का भारी अमला बुधपुरा गांव पहुंचा। इस दौरान तालेड़ा तहसीलदार बनवारी लाल मीणा, डीएसपी राजेश टेलर, सीआई हेमराज शर्मा और नायब तहसीलदार अनिल धाकड़ सहित पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौजूद रहे। गौरतलब है कि आरोपी अरमान मोहम्मद ने 4 अगस्त को अपनी प्रेमिका के पति सोनू की हत्या की साजिश रची थी। उसने इस हत्याकांड को अंजाम देने के लिए 1 लाख रुपए की सुपारी दी थी। इस जघन्य वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया था और ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया था। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास कायम करने के उद्देश्य से की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किए गए किसी भी अवैध अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई को हत्याकांड के पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और अपराधियों को कड़ा सबक सिखाने के तौर पर देखा जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की है। कंटेंट: शंकर सिंह सोलंकी


