सोन घड़ियाल अभ्यारण्य क्षेत्र से रेत खनन, टीपर जब्त:चितरंगी में एसडीएम सख्त; बोले- अवैध रेत माफियों पर होगी कार्रवाई

सिंगरौली जिले के चितरंगी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की गई। शनिवार देर रात करीब 1 बजे एसडीएम सौरभ मिश्रा के निर्देश पर राजस्व टीम ने सोन नदी से अवैध रूप से रेत लोड कर रहे एक टीपर को पकड़ा। यह कार्रवाई लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद की गई। यह पूरा मामला सोन घड़ियाल अभ्यारण्य क्षेत्र से जुड़ा है। अभ्यारण्य घोषित होने के बावजूद इस क्षेत्र में लगातार अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की गतिविधियां सामने आ रही हैं। इन गतिविधियों को वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा माना जा रहा है। बिना दस्तावेज रेत ढोता टीपर जब्त, चालक फरार जानकारी के अनुसार, जब्त किया गया टीपर बिना वैध अनुमति और आवश्यक दस्तावेजों के रेत का उत्खनन कर रहा था। राजस्व टीम के नदी क्षेत्र में पहुंचते ही चालक वाहन लेकर भागने लगा। टीम ने पीछा कर प्रिंस दुबे के घर के पास टीपर को पकड़ लिया। हालांकि, चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। जांच में पता चला कि टीपर पर कोई नंबर प्लेट भी नहीं थी। एसडीएम बोले-अवैध रेत खनन पर सख्ती एसडीएम सौरभ मिश्रा ने तत्काल वाहन जब्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन और रेत परिवहन पर हर हाल में रोक लगाई जाएगी। अभ्यारण्य क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियां कानून का सीधा उल्लंघन हैं और इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह, नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र प्रसाद साकेत, राजस्व निरीक्षक इंद्रभान सिंह, पटवारी रमाशंकर बैस, प्रेम पड़वार, रामलाल सिंह, शिवम पनिका और स्टेनो पंकज चौधरी मौजूद रहे। जब्त किए गए टीपर को गढ़वा थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। वाहन के विरुद्ध खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *