सोलन में आसमानी बिजली से 55 भेड़-बकरियों की मौत:तीन भेड़ पालक बाल बाल बचे, बूंदाबांदी होने से ठहरे थे

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में सोलन-सपाटू मार्ग पर देवठी के पास तड़के आसमानी बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब पौने चार बजे हुई इस घटना में 55 से अधिक भेड़-बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य पशु गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, किन्नौर जिले के भाबा क्षेत्र से आए भेड़ पालक अपने पशुओं के साथ यहां ठहरे हुए थे। तड़के बूंदाबांदी शुरू होने पर जब भेड़ पालक टेंट लगाने की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली गिरी। इस हादसे में मौके पर मौजूद तीन भेड़ पालक बाल-बाल बच गए। इस घटना में किन्नौर के भाबा निवासी विशाल नेगी, विनय सिंह, कृष्ण भगत और विनोद कुमार चौरा की भेड़-बकरियों की मौत हो गई है। इन सभी भेड़ पालकों के पास कुल लगभग 650 भेड़-बकरियां थीं, जिनमें से 55 से अधिक की जान चली गई।
प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग घटना के समय मौके पर मौजूद भेड़ पालक बुद्धि सिंह, कुलदीप नेगी और विनोद नेगी ने बताया कि बिजली गिरने की आवाज इतनी तीव्र थी कि वे कुछ पल के लिए सहम गए। गनीमत रही कि उनकी जान बच गई, लेकिन उनके पशुधन को भारी नुकसान हुआ है। पीड़ित भेड़ पालकों ने सरकार और प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है, ताकि उन्हें हुए इस भारी नुकसान की भरपाई हो सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *