सोशल मीडिया पर एक मैसेज, 46 हजार का फ्रॉड:बहन बनाकर विश्वास जीता, महिला की पिटाई के वीडियो भेजे

मऊगंज में 11 दिन में साइबर फ्रॉड का दूसरा मामला सामने आया है। इस बार बदमाशों ने ऑनलाइन संपर्क कर युवती को बहन बनाकर विश्वास जीता। हीरे की अंगूठी, 13 तोला सोना और 7 लाख रुपए भेजने का झांसा दिया। महिला की पिटाई के वीडियो भी भेजकर धमकी दी। चार किस्तों में 46 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। युवती ने 16 जनवरी को नईगढ़ी थाने में केस दर्ज कराया है। युवती निशा विश्वकर्मा (21) है। मामला सामने आने के बाद दैनिक भास्कर ने युवती और एसपी रसना ठाकुर से बात कर समझा कि आखिर कैसे बदमाशों ने उसे चंगुल में फंसाया। अनाथ का विज्ञापन देखा, फिर होने लगी बात… निशा ने बताया, ‘ मैं सोनबरसा गांव की रहने वाली हूं। नौवीं पास हूं। पिता पेशे से किसान हैं। हफ्ते भर पहले की बात है। इंस्टाग्राम में विज्ञापन देखा। उसमें एक फोटो लगा था। कैप्शन लिखा था- हम अनाथ हैं। हमारा कोई नहीं है। मैंने उस पर Hi लिखकर भेज दिया। कुछ देर बाद कॉल आया। कॉलर ने कहा– आप हमारे साथ कैसा रिश्ता रखना चाहती हैं, तो मैंने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता रखना चाहती हूं। करीब एक सप्ताह तक वह भाई-बहन की तरह बात करता रहा। एक दिन बोला– बहन, मैं आपकी कुछ मदद करना चाहता हूं। आप अपने पते के लिए आधार भेजो। बातों में आकर 10 जनवरी को मां का आधार भेज दिया। कुछ देर बाद फोन आया। बोला- आपके इस पते पर हम पार्सल भेज रहे हैं। मैंने कहा कि मुझे कुछ पार्सल नहीं चाहिए। वह बोला- मैं अपनी तरफ से भेज रहा हूं। वह ले लेना। यह कहकर फोन काट दिया। कुछ देर बाद 8929901588 नंबर से फोन आया कि आपका पार्सल मुंबई एयरपोर्ट पहुंच गया है, लेकिन वहां फंस गया। डीपी पर इंस्पेक्टर की वर्दी में किसी का फोटो लगा था। काॅलर ने कहा– आपका पार्सल फंस गया है। 15 हजार रुपए भेजो। हमने कहा कि पैसा हमारे पास नहीं हैं, तो उसने पार्सल का वीडियो भेजा। कहा कि पैसा नहीं दोगे, तो एक घंटे में तुम्हें अरेस्ट करवा लेंगे। फिर मां से पैसा लेकर मैंने 15 हजार रुपए दिए गए क्यू आर कोड पर भेज दिए।’ मां ने कर्ज लेकर रुपए भेजे ‘कुछ देर बाद दोबारा 15 हजार रुपए मांगने लगा। मैंने मना कर दिया, तो वह धमकाते हुए बोला कि तुम सब जेल जाओगे। तुम सब देख रहे हो कि तुम्हारा पार्सल मुंबई में फंस गया है। पुलिस गिरफ्तार कर लेगी। मां को पूरी बात बताई। डर के मारे मां कर्ज से रुपए लेकर आई। 15 हजार रुपए भेजे। कुछ देर बाद फिर फोन आया– कॉलर बोला कि तुम्हारे पार्सल में एक हीरे की अंगूठी, 13 तोला सोना और 7 लाख रुपए हैं।’ रुपए देने से मना किया, तो भेजा वीडियो ‘अधिकारी इतने में नहीं मान रहे। और पैसे देने होंगे। मैंने कहा- अब मेरे पास पैसे नहीं हैं। वह महिला को गिरफ्तार करने वाला वीडियो भेजा। बोला– जो हाल इन लोगों का हो रहा है, वही तुम्हारा और तुम्हारे परिवार का होगा। तुम सब जेल जाओगे। यह वीडियो देख लो। तुम्हें समझ में आ जाएगा। वीडियो देखकर हम सहम गए।’ मां ने गहने बेचकर दिए पैसे ‘पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए का वीडियो जारी कर बार-बार धमकाते रहे, जिससे डर कर मां के गहने में चांदी की हाफसेट व करधनी बेच दिए। 13 हजार रुपए फिर उनके दिए गए स्कैनर पर भेज दिए। बावजूद वे लोग पैसे भेजने का दबाव बनाते रहे। आखिरी बार तीन हजार रुपए भेजे। इसके बाद हाथ जोड़कर कह दिया कि अब रुपए नहीं दे पाऊंगी। 13 जनवरी को कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर आवेदन दिया। इसके बाद गुरुवार को नईगढ़ी थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई।’ कई नंबरों से आते थे कॉल युवती ने बताया कि सप्ताह भर में करीब 8 अलग-अलग नंबरों से कॉल आए हैं। इसमें आरोपियों ने खुद को कभी कस्टम अधिकारी, कभी सीबीआई तो कभी अन्य एजेंसी का अफसर बताया। बाद में गिरफ्तार करने की धमकी भी देने लगा। आठ दिन में 15 हजार, 15 हजार, 13 हजार और 3 हजार रुपए जमा कराए। परिवार में माता-पिता और भाई बहन परिवार में निशा समेत तीन भाई- बहन हैं। खुद और दूसरी बहन ने नौवीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी। पिता दूसरे के यहां में अधिया पर खेती करती हैं। 14 साल का भाई आठवीं में पढ़ रहा है। 11 साल की छोटी बहन 6वीं में पढ़ रही है। निशा भी माता-पिता के साथ खेती में हाथ बंटाती है। यह खबर भी पढ़ें आर्मी के नाम पर डराया, लेडी टीचर ने किया सुसाइड मऊगंज में लेडी टीचर ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि ऑनलाइन फ्रॉड से परेशान होकर उसने जान दे दी। बदमाश लगातार फोन कर उसे धमका रहे थे। कह रहे थे कि उसने चोरी का सामान मंगाया है। लगातार धमकी से महिला इतनी डर गई कि उसने बदमाशों के भेजे स्कैनर पर 22 हजार रुपए भी ट्रांसफर कर दिए थे। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *