गुना में 17 साल की लड़की ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिजन ने शव चौराहे पर रखकर करीब एक घंटे तक जाम लगाए रखा। उनका आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला युवक बेटी को परेशान कर रहा था। इसी से तंग आकर उसने सुसाइड कर लिया। घटना कैंट के कुशमौदा इलाके में मंगलवार देर रात की है। परिजन का कहना है कि सूरज कुशवाह (19) पिता दौलतराम कुशवाह नाबालिग को अश्लील मैसेज भेज रहा था। उसके पास लड़की के साथ कुछ फोटो-वीडियो थे। इन्हें युवक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था। इसी के बाद से नाबालिग तनाव में रहने लगी थी। कैंट थाना प्रभारी TI अनूप भार्गव ने बताया कि सूरज कुशवाह के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। उस पर नाबालिग को आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद से युवक फरार है। चौराहे पर ही लिए नाबालिग के पिता के बयान
हनुमान चौराहे पर शव रखकर बैठे परिजनों के पास तहसीलदार गौरीशंकर बैरवा, सीएसपी भरत नौटिया, कैंट TI अनूप भार्गव और कोतवाली टीआई ब्रजमोहन भदौरिया पहुंचे। यहां कम्प्यूटर सेंटर पर बैठकर पुलिस ने लड़की के पिता के बयान दर्ज किए। कार्रवाई के आश्वासन पर परिवार वाले माने और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। पिता बोले- घर पहुंचा तो बेटी के सुसाइड का पता चला
नाबालिग के पिता ने बताया कि मंगलवार रात को वह खेत पर थे। तभी घर से कॉल आया कि बेटी की तबीयत बिगड़ गई है, जल्दी घर आ जाओ। गुना पहुंचा तो पता चला कि बेटी ने सुसाइड कर लिया है। घर के कमरे में ही उसने दुपट्टे से फंदा बनाया और फांसी लगा ली। लड़की के परिजन ने कुछ दिन पहले युवक के परिवारवालों से उसे समझाने के लिए कहा था कि लड़की से दूर रहे। मां बोली- बेटी को न्याय दिलवा दो
लड़की की मां ने बताया, उसने वीडियो डालकर और धमकियां देकर मेरी बच्ची की जान ले ली। कल (मंगलवार शाम) भी लड़के ने फोन लगाया था। मैंने उठाया तो वो कुछ नहीं बोला। वह अपने घर से बेटी की तरफ इशारे करता था। वो लड़का सबके मोबाइल पर वीडियो भेज रहा था। काम पर जाने से पहले बेटी से घर पर ही रहने के लिए कहा था। उसने जान दे दी। हाथ जोड़ रही हूं बेटी को न्याय दिलवा दो।


