सोशल मीडिया पर नाबालिग बच्चे से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो शेयर (Child Sexual Abuse Material) करने के गंभीर मामले में लुधियाना के जगराओं की साइबर क्राइम पुलिस ने कड़ा संज्ञान लिया है। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) से मिली शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। साइबर क्राइम सेल के एएसआई जगरूप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें NCRP (National Cyber Crime Reporting Portal) के माध्यम से एक शिकायत प्राप्त हुई थी। इस शिकायत में उल्लेख किया गया था कि एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नाबालिग से जुड़ी बेहद आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री प्रसारित की जा रही है। इंस्टाग्राम आईडी की हुई पहचान, मोबाइल नंबर ट्रैकिंग जारी पुलिस अधिकारी के अनुसार, शुरुआती तकनीकी जांच के दौरान उस इंस्टाग्राम अकाउंट की पहचान कर ली गई है, जिससे यह आपत्तिजनक वीडियो अपलोड और शेयर किया गया था। अब साइबर सेल यह ट्रेस कर रही है कि उक्त इंस्टाग्राम आईडी किस मोबाइल नंबर और आईपी (IP) एड्रेस से संचालित की जा रही थी ताकि आरोपी के ठिकाने का सही पता लगाया जा सके। बच्चों के खिलाफ साइबर अपराधों पर पुलिस का सख्त रुख साइबर पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री को सोशल मीडिया पर देखना, रखना या शेयर करना कानूनन बेहद गंभीर और गैर-जमानती अपराध है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों, सोशल मीडिया लॉग्स और टेलीकॉम डेटा की मदद से आरोपी तक पहुँचने के प्रयास में जुटी है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपी की पहचान होते ही उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


