सोशल मीडिया पर हथियार दिखा रहे शिव सेना पंजाब के नेता का वीडियो वायरल, केस दर्ज

लुधियाना | लुधियाना में सोशल मीडिया पर हथियार के साथ वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिव सेना पंजाब के नेता भानू प्रताप के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस ने आरोपी पर बीएनएस की धारा 196 (बी) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक हथियार दिखाते हुए नजर आ रहा है। इस वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम मंगलवार को गश्त के दौरान सब्जी मंडी ख्वाजा कोठी चौक इलाके में पहुंची। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान भानू प्रताप के रूप में हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में युवक अवैध हथियार दिखाकर लोगों को उकसाने की कोशिश कर रहा था। ऐसे वीडियो से आम जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को खतरा पैदा हो सकता है। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। सरकार के दबाव में पुलिस ने मुझ पर एफआईआर की दूसरी ओर, भानू प्रताप ने अपने ऊपर दर्ज मामले को राजनीतिक और धार्मिक कारणों से की गई कार्रवाई बताया है। उनका कहना है कि वह अपने धर्म से जुड़ी बातें करते हैं, इसलिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि शिव सेना पंजाब और अन्य धार्मिक संगठन महाशिवरात्रि पर्व को राज्य स्तर पर मनाने की मांग कर रहे थे, जिसके कारण सरकार के दबाव में पुलिस ने उन पर एफआईआर दर्ज की है। उधर, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों या भड़काऊ सामग्री वाले वीडियो डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं और जरूरत पड़ने पर आगे भी कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *