सोशल मीडिया में सत्यनारायण बाबा पर अभद्र टिप्पणी, युवक कोरबा से गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | रायगढ़ श्री सत्यनारायण बाबा के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कोरबा पुलिस के सहयोग से आरोपी को पकड़कर पूछताछ के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गुरुवार को साहू समाज के पदाधिकारियों ने श्री सत्यनारायण बाबा के विरुद्ध सोशल मीडिया में आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किए जाने को लेकर पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी कोतरारोड़ को तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। साइबर एक्सपर्ट टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान सरोज रात्रे (32 वर्ष), निवासी सलिहाभाठा, थाना उरगा, जिला कोरबा के रूप में की। इसके बाद एक विशेष टीम को कोरबा रवाना किया गया, जहां कोरबा पुलिस के सहयोग से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री साझा करने में प्रयुक्त विवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में संचालित सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल द्वारा लगातार सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने आम नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *