पंजाब में आई बाढ़ की स्थिति ने अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लोगों का ध्यान खींचा है। तंजानिया के मशहूर सोशल मीडिया स्टार किली पॉल ने पंजाब की मौजूदा हालत को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया है और राज्य के लोगों के लिए दुआ मांगी है। किली पॉल, जो टिकटॉक और इंस्टाग्राम पर बेहद लोकप्रिय हैं और जिनके लाखों फॉलोअर्स हैं, अक्सर पंजाबी गानों और भारतीय संगीत पर अपने वीडियोज साझा करते हैं। उन्होंने कहा, “मैं दुआ कर रहा हूं। मुझे दिली दुख पहुंचा जब पंजाब में आई बाढ़ के बारे में सुना। मैं यहां पंजाब के लिए दुआ कर रहा हूं। मैं यहां से अभी दुआ ही कर सकता हूं। सभी अपना ध्यान रखें। भगवान आप पर अपनी कृपा बनाए रखे और इस बुरे समय में आपको संभलने की शक्ति दे। धन्यवाद।” पंजाब के लिए दिखाया जुड़ाव किली पॉल का यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पंजाब से उनका जुड़ाव किसी से छिपा नहीं है, क्योंकि उन्होंने कई बार पंजाबी गानों पर अपने वीडियोज बनाकर पंजाबी संगीत को दुनिया भर में लोकप्रिय किया है। उनकी बहन नीमा पॉल के साथ मिलकर बनाए गए पंजाबी गानों के वीडियो को पंजाबियों से सराहा भी है। जानें कौन हैं किली पॉल किली पॉल तंजानिया (पूर्वी अफ्रीका) के रहने वाले एक मशहूर सोशल मीडिया स्टार और कंटेंट क्रिएटर हैं। वे अपने गांव से ही वीडियो बनाकर पूरी दुनिया में लोकप्रिय हुए। वह हमेशा अपनी बहन नीमा के साथ अपनी वीडियोज को शेयर करते हैं। वे मूल रूप से एक मसाई जनजाति से ताल्लुक रखते हैं। सोशल मीडिया से हुए पॉपुलर किली पॉल मुख्य रूप से टिकटॉक, इंस्टाग्राम और यू-ट्यूब पर एक्टिव हैं। उनकी पहचान भारतीय गानों, खासकर हिंदी और पंजाबी गानों पर लिप-सिंक और डांस वीडियो बनाने से हुई। वे अपने वीडियो अक्सर अपनी बहन नीमा पॉल के साथ मिलकर बनाते हैं। उनकी सिंपल लाइफस्टाइल, गांव का बैकग्राउंड और भारतीय संगीत के प्रति प्यार ने उन्हें दुनिया भर में लोकप्रिय बना दिया। किली पॉल हिंदी और पंजाबी गानों को इतनी शिद्दत से परफॉर्म करते हैं कि भारतीय दर्शकों को उनसे गहरा जुड़ाव महसूस होता है। सिद्धू मूसेवाला व दिलजीत के गीतों पर कर चुके परफोर्म पॉल सिद्धू मूसेवाला, दिलजीत दोसांझ, अरिजीत सिंह, नेहा कक्कड़ जैसे सिंगर्स के गानों पर वीडियो बनाकर लाखों-करोड़ों व्यूज बटोर चुके हैं। उन्हें खुद भारत से खास लगाव है। उन्होंने कई बार इंटरव्यू में कहा है कि उन्हें भारतीय गाने, डांस और संस्कृति बेहद पसंद है।


