गोड्डा जिले के हनवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत परसा गांव में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सौतेली मां पर अपने ही छोटे बेटे की हत्या कर शव को कुएं में फेंकने का आरोप है। यह दिल दहला देने वाली घटना उस वक्त हुई, जब पिता अपनी बड़ी बेटी को CTET परीक्षा दिलाने धनबाद गए हुए थे। घर लौटने पर जब बेटे की तलाश शुरू हुई तो जो सच्चाई सामने आई, उसने पूरे गांव को सन्न कर दिया। कुएं में मिला मासूम का शव, चप्पल ने खोला राज मृतक की बड़ी बहन सायना परवीन ने बताया कि वह अपने पिता मोहम्मद हसन के साथ CTET परीक्षा देने धनबाद गई थी। वापस लौटने के बाद जब उसने अपनी मां लवली खातून से छोटे भाई अमन के बारे में पूछा तो मां ने अनभिज्ञता जताई। इसके बाद पिता-पुत्री अमन की तलाश में जुट गए। इसी दौरान अमन की पीले रंग की चप्पल का एक हिस्सा कुएं के बाहर और दूसरा अंदर मिला। आशंका होने पर पिता ने टॉर्च जलाकर कुएं में झांका, जहां अमन का शव दिखाई दिया। इसके बाद गांव में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने निकाला शव, पुलिस ने की जांच घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों की मदद से अमन के शव को कुएं से बाहर निकाला गया और तत्काल हनवारा थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया गया। मृतक अमन के पिता मोहम्मद हसन और बड़ी बहन सायना परवीन ने सौतेली मां लवली खातून पर हत्या का सीधा आरोप लगाया। पुलिस जांच में हत्या की पुष्टि, सौतेली मां गिरफ्तार मृतक अमन अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था और परसा स्थित आवासीय ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में नर्सरी का छात्र था। सायना परवीन ने बताया कि उनकी पहली मां का निधन 2023 में बीमारी के कारण हो गया था। वह आंगनबाड़ी सेविका थीं। इसके बाद 2025 में पिता ने लवली खातून से दूसरी शादी की थी। शादी के बाद से घर का माहौल ठीक नहीं था। इधर, महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि पुलिस जांच में यह सामने आया है कि सौतेली मां लवली खातून ने ही अमन को धक्का देकर कुएं में गिराया था। पूछताछ के बाद लवली खातून को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन कर रही है।


