भास्कर न्यूज | जालंधर सीबीएसई ने स्किल एक्सपो और गाइडेंस फेस्टिवल 2025-26 की घोषणा की है। यह आयोजन देशभर के सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों में होगा। इसका उद्देश्य छात्रों को करियर, जरूरी कौशल और करियर मार्गदर्शन की जानकारी देना है। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप कौशल शिक्षा और अनुभवात्मक सीख को बढ़ावा देगा। इसके लिए जारी किए गए नोटिस में कहा गया है कि इसमें छात्रों को व्यावसायिक कौशल, रचनात्मकता और नवाचार दिखाने के लिए मंच मिलेगा। कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों और प्राचार्यों के बीच सीखने की भावना को बढ़ावा दिया जाएगा। एक्सपो का आयोजन क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर होगा। इसमें हिस्सा लेने के लिए हर स्कूल अधिकतम तीन टीमें भेज सकता है। हर टीम में एक शिक्षक, दो छात्र और एक मेंटर स्किल शिक्षक होंगे। एक स्कूल कम से कम एक और अधिकतम तीन प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर सकता है। एक बार रजिस्ट्रेशन के बाद छात्रों और मेंटर के नाम बदले नहीं जा सकेंगे। थीम में तकनीक और नवाचार, पर्यावरण, स्वास्थ्य, उद्यमिता, पर्यटन, कृषि, मीडिया और डिजाइन शामिल हैं। प्रोजेक्ट में उत्पाद बनाने की प्रक्रिया, उद्यमिता का उपयोग और पर्यावरण अनुकूल सामग्री का प्रयोग शामिल हो सकता है। मूल्यांकन में रचनात्मकता, मौलिकता, वैज्ञानिक सोच, तकनीकी कौशल, सामाजिक उपयोगिता, लागत, पोर्टेबिलिटी और प्रस्तुति को आधार बनाया जाएगा। वहीं इसके लिए आयोजित होने वाले गाइडेंस फेस्टिवल के लिए अलग रजिस्ट्रेशन होगा। इसमें हर स्कूल से पांच छात्र और दो शिक्षक हिस्सा ले सकते हैं। प्रतिभागियों को सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक पूरे कार्यक्रम में उपस्थित रहना होगा। सभी को प्रमाण पत्र मिलेगा। इससे पहले जागरूकता के लिए वेबिनार और सत्र होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत 21 जुलाई को वडोदरा से होगी। इसके बाद 30 जुलाई को मंगलुरु और ग्वालियर, सात अगस्त को रायपुर, 12 अगस्त को लुधियाना, 30 अगस्त को मदुरै, 4 सितंबर को रुद्रपुर और गाजियाबाद, 27 सितंबर को जोरहाट और करनाल, 14 अक्टूबर को रांची और प्रयागराज, नवंबर के पहले सप्ताह में दुबई, 28 नवंबर को मुंबई और 12 दिसंबर को हैदराबाद में आयोजन होगा। राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा। इसमें हिस्सा लेने वाले उम्मीदवारों से कोई फीस नहीं ली जाएगी। उम्मीदवार https://cbseit.in/cb se/2024/skillexpo/in dex पर जाकर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। वहीं चयनित प्रोजेक्ट्स को ईमेल से सूचना दी जाएगी। क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ प्रविष्टियों को प्रमाण पत्र मिलेगा। चयन समिति का निर्णय अंतिम होगा। स्कूल अपने क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत ही भाग ले सकते हैं।


