भास्कर न्यूज | पाटन पाटन थाना प्रभारी शशि शेखर पांडेय ने नशामुक्ति अभियान को लेकर गुरुवार को राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय नवादा में बच्चों के साथ रैली निकाली। रैली का नेतृत्व प्रिंसिपल सुनील बैठा ने किया। बच्चों ने ढोल बजाकर, तख्ती लेकर नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक किया। थाना प्रभारी शशि शेखर पांडेय ने कहा नशा न केवल व्यक्ति का भविष्य अंधकारमय करता है, बल्कि समाज की नींव को भी कमजोर करता है। हमें मिलकर ऐसी सामाजिक बुराई के खिलाफ आवाज उठानी होगी। जब बच्चे जागरूक होंगे, तभी समाज में असली परिवर्तन संभव है। पाटन पुलिस हर स्तर पर नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। प्राचार्य सुनील बैठा ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं बल्कि समाज निर्माण का आधार होता है। जब विद्यार्थी नशे के खिलाफ जागरूक होंगे तो वे अपने परिवार, मोहल्ले और गांव में भी सकारात्मक संदेश फैलाएंगे। यह रैली एक छोटी शुरुआत है, जो एक बड़े बदलाव की दिशा में संकेत करती है। मौके पर विद्यालय के शिक्षक व अन्य कर्मी मौजूद थे।


