स्कूलों के पास गंदगी से खतरे में बच्चे, जहरीले कीड़े और सांप से बढ़ा खतरा

भास्कर संवाददाता | भैरूंदा शास्त्री कॉलोनी के पास मां शारदा कॉलोनी में निजी स्कूलों के आसपास गंदगी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। कॉलोनी में खाली प्लॉटों में खुलेआम कचरा फेंका जा रहा है। इससे मच्छर, जहरीले कीड़े और सांप जैसे जीवों की संख्या बढ़ गई है। रहवासियों के अनुसार, इन प्लॉटों की लंबे समय से सफाई नहीं हुई है। बरसात में यहां पानी भर जाता है। इससे मच्छरों को पनपने का अनुकूल माहौल मिल रहा है। डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। कॉलोनी में तीन निजी स्कूल हैं। यहां रोजाना करीब 3 हजार बच्चे, शिक्षक और अभिभावक आते-जाते हैं। स्कूलों के पास फैली गंदगी और जहरीले जीव बच्चों की सुरक्षा और सेहत के लिए बड़ा खतरा बन चुके हैं। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को स्कूल छोड़ने और लेने के दौरान हमेशा अनहोनी की आशंका बनी रहती है। लोगों का आरोप है कि कुछ लोग खाली प्लॉटों को कचरा डंपिंग स्थल बना चुके हैं। घरेलू कचरा, प्लास्टिक और टूटा-फूटा सामान खुले में फेंका जा रहा है। नगर परिषद की ओर से न तो नियमित सफाई हो रही है, न ही कचरा फैलाने वालों पर कार्रवाई हो रही है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। कॉलोनीवासियों ने नगर परिषद से मांग की है कि खाली प्लॉटों की सफाई करवाई जाए। नियमित फॉगिंग और कीटनाशक का छिड़काव हो। कचरा फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *