स्कूलों को मजबूत करेंगे तभी भविष्य सशक्त होगा: राजेंद्र

भास्कर न्यूज | सीपत सीपत क्षेत्र में मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने की दिशा में शनिवार को जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र कुमार धीवर ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय जांजी का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण कलेक्टर व जिला मिशन संचालक, समग्र शिक्षा बिलासपुर के निर्देशानुसार किया गया, जिसके अंतर्गत जिले की चिह्नांकित डी-पैड शालाओं के मूल्यांकन और उन्नयन की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक स्थिति, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता, शिक्षकों की उपस्थिति, कक्षा संचालन, मूलभूत सुविधाएं व समग्र शैक्षणिक वातावरण का अवलोकन किया गया। संकुल शैक्षिक समन्वयक एवं सहयोगी शिक्षकों ने विद्यालय की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। राजेंद्र धीवर ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांजी विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के​ लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और शिक्षकों को निर्देशित किया कि मूल्यांकन के बाद विद्यालय की स्थिति को विद्या समीक्षा केंद्र द्वारा विकसित एप में निर्धारित समय-सीमा के भीतर दर्ज किया जाए, ताकि शासन स्तर पर जल्द सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। इस अवसर पर बीआरसी सूरज सिंह क्षत्रिय, संकुल शैक्षिक समन्वयक तुलेश्वर सिंह कौशिक, प्राचार्या ज्योति तिर्की सहित शिक्षक व स्टाफ उपस्थित रहे। बता दें​ कि राज्य परियोजना कार्यालय रायपुर के निर्देशानुसार चिह्नांकित शालाओं का मूल्यांकन 15 दिसंबर 2025 तक पूर्ण किया जाना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *