बांसवाड़ा जिले के लोहारिया थाना क्षेत्र के गांवों में स्थित विद्यालयों और मंदिरों से केबल व पानी की स्टील टोटियां चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी शिशुपाल सिंह ने बताया कि 18 सितंबर को पीएम श्री विद्यालय लोहारिया के कार्यवाहक प्रधानाचार्य पृथ्वीराज सिंह पुत्र मनोहर सिंह चौहान ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 14 सितंबर को रविवार को अवकाश होने से विद्यालय बंद था। विद्यालय परिसर में छात्रों के पेयजल व्यवस्था में लगी कुल 13 स्टील की टोटियां अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। विद्यालय हॉल के अंदर से करीब 150 फीट वायर भी चोरी कर लिया। घटना की जानकारी दूसरे दिन सोमवार को विद्यालय खोलने पर हुई। वही सोशल मीडिया से जानकारी मिली की इसी तरह की वारदातें क्षेत्र के अन्य गांवों में भी हुई हैं। लोहारिया निवासी लक्ष्मण पुत्र धनजी बुनकर ने 19 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज करवाई की 14 सितंबर रविवार के दिन ही सोमनाथ मंदिर से 150 मीटर केबल व कपालेश्वर मंदिर से दो हेलोजन 150 फिट केबल, कोडिया गणपति मंदिर से करीब 350 फिट केबल चोरी हो गई। दो मुकदमे दर्ज कर शुरू किया अनुसंधान
पुलिस ने रिपोर्ट पर 2 मुकदमे दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। टीम गठित कर आरोपियों की पहचान के लिए मुखबिरों की मदद व विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज प्राप्त किए। रतनपुरा आंजना निवासी अरविंद 27 पुत्र नाथूलाल को डिटेन कर पूछताछ की गई। चोरी की वारदातें स्वीकार करने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में ये वारदातें स्वीकारी
पूछताछ में बदमाश ने लोहारिया विद्यालय, मंदिरों व पालोदा, ओड़ा, बस्सी चंदनसिंह गांवों के विभिन्न विद्यालयों से केबल चोरी कर उसे जलाकर तांबे का वायर निकालना स्वीकार किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही से केबल जलाकर निकाला गया तांबा ब नल की टोटियां बरामद कर ली गई। पूछताछ में और भी वारदातें खुलने की सम्भावना हैं।


